लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ: विधायक अतुल भातखलकर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना

रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क / संवाददाता

मुंबई, 3 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से विपक्षी दलों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोपों के

विरोध में उत्तर मुंबई जिला भाजपा की तरफ से पत्रकार परिषद का आयोजन किया गया। पत्रकार परिषद में भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।

इस अवसर पर विधायक अतुल भातखलकर के साथ जिलाध्यक्ष एवं नगरसेवक दीपक (बाला) तावड़े, मनीषा ताई चौधरी, प्रचार प्रमुख नीला बेन सोनी राठौड़ तथा महामंत्री रश्मिकांत बेलवलकर उपस्थित थे।

पत्रकार परिषद को संबोधित करते हुए अतुल भातखलकर ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार तीन बार हार का सामना कर चुके हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन चुनावों को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, उस समय ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग के अध्यक्ष नहीं थे।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उन्हें लगता है कि चुनाव फर्जी तरीके से कराए गए हैं, तो उन्हें सबसे पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। भातखलकर ने सवाल उठाया कि एक तरफ राहुल गांधी लोकसभा की कार्यवाही नहीं चलने देते और दूसरी तरफ मॉक पार्लियामेंट आयोजित करते हैं। इससे वे क्या साबित करना चाहते हैं?

विधायक भातखलकर ने आगे आरोप लगाया कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाना केवल राहुल गांधी का व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी साजिश और षड्यंत्र है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस गतिविधि को देश के बाहर के दुश्मनों का समर्थन प्राप्त है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का उल्लेख करते हुए भातखलकर ने कहा कि वर्ल्ड बैंक के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत में गरीबी में 56 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, जबकि सत्ता से बाहर विपक्षी दल और राहुल गांधी बौखलाहट में निम्न स्तर के आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश के नागरिक और मतदाता झूठे नैरेटिव, देश की शांति भंग करने के प्रयासों और कथित झूठे आंदोलनों को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। भाजपा की ओर से आयोजित रैलियों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा महायुति सरकार के प्रति जनता के समर्थन का प्रमाण बताया।