वसई। वसई-विरार शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति एच अंतर्गत अंबाड़ी रोड स्थित खाऊ गली के पीछे 60 फुट रोड पर महीनों से बंद पड़ा सार्वजनिक शौचालय आखिरकार आज नागरिकों के लिए फिर से शुरू कर दिया गया। नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य महेश सरवणकर की ओर से इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए महानगरपालिका प्रशासन से की गई मांग के बाद शौचालय की मरम्मत और सफाई कर उसे दोबारा उपयोग के लिए खोल दिया गया। लंबे समय से इस सुविधा के बंद रहने के कारण परेशान व्यापारियों, फेरीवालों और स्थानीय नागरिकों ने शौचालय शुरू होने पर राहत और खुशी जाहिर की है।
गौरतलब है कि खाऊ गली के पीछे स्थित यह सार्वजनिक शौचालय कई महीनों से बंद था। इसके कारण रोजाना यहां कारोबार करने वाले व्यापारियों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं, फेरीवालों और बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं मिलने से असुविधा का सामना करना पड़ता था। शौचालय बंद रहने से आसपास गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी बनी हुई थी।
इस समस्या को लेकर नगरसेवक महेश सरवणकर ने प्रभाग समिति 'ई' के सहायक आयुक्त को लिखित पत्र देकर शौचालय की तत्काल मरम्मत, साफ-सफाई और उसे नागरिकों के लिए दोबारा खोलने की मांग की थी। उन्होंने प्रशासन के सामने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की परेशानी को प्रमुखता से रखा था। आखिरकार उनकी मांग पर कार्रवाई होने से यह सार्वजनिक सुविधा फिर से शुरू हो गई।
मांग पूरी होने पर नगरसेवक ने जताया संतोष
नगरसेवक महेश सरवणकर ने इस सुविधा के दोबारा शुरू होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते नागरिकों की बुनियादी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक शौचालय बंद होने से स्थानीय व्यापारियों, फेरीवालों और महिलाओं सहित आम नागरिकों को काफी परेशानी हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन से तत्काल मरम्मत और सफाई की मांग की थी। शौचालय दोबारा शुरू होने से लोगों को राहत मिली है। उन्होंने आगे भी क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही।
फेरीवालों और व्यापारियों ने ली राहत की सांस
स्थानीय फल विक्रेता विनोद तिवारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि खाऊ गली में रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी, फेरीवाले और ग्राहक आते हैं। सार्वजनिक शौचालय बंद रहने से सभी को परेशानी होती थी। कई बार ग्राहकों और दुकानदारों को काफी दूर जाना पड़ता था। अब शौचालय शुरू होने से बाजार में काम करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इस समस्या को उठाकर समाधान करवाने के लिए नगरसेवक महेश सरवणकर का आभार व्यक्त किया।
महिला नागरिकों ने भी जताई खुशी
स्थानीय महिला नागरिक रजनी गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा बेहद जरूरी है। लंबे समय से शौचालय बंद होने के कारण महिलाओं को विशेष परेशानी उठानी पड़ती थी। अब इसकी मरम्मत और सफाई के बाद दोबारा शुरू होने से महिलाओं को भी काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करवाना ही जनप्रतिनिधि की वास्तविक जिम्मेदारी है। इस दिशा में महेश सरवणकर की पहल सराहनीय है।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि महानगरपालिका प्रशासन इस सार्वजनिक शौचालय की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव पर भी ध्यान देगा, ताकि भविष्य में नागरिकों को दोबारा ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.