देश में अराजकता फैलाने पर आमादा हैं राहुल गांधी : बाबूभाई भवानजी

राजेश कुमार उपाध्याय

नई दिल्ली: चुनाव आयोग में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। विपक्षी दल जहां चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जता रहे हैं, वहीं सत्तारूढ़ भाजपा और उसके नेता विपक्ष पर हमलावर हैं। इसी बीच मुंबई के पूर्व उप महापौर एवं शिवसेना नेता बाबूभाई भवानजी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

भवानजी ने राहुल गांधी के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय नक्सलियों का सफाया किया जा सकता है, लेकिन दिल्ली में 'दिमागी नक्सली' मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का व्यवहार देश में अराजकता और अफरा-तफरी फैलाने वाला है।

भवानजी ने कहा कि भारत के इतिहास में ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों में भी अराजकता की स्थिति पैदा करने वाले लोगों की भूमिका देखी गई है। उनके अनुसार, मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम में विपक्ष के नेता का आचरण भी इसी तरह की स्थिति पैदा करने वाला प्रतीत होता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कभी आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने, कभी प्रधानमंत्री आवास के सामने सड़क पर लेटने और कभी सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करने जैसी घटनाओं से राजनीतिक विरोध का तरीका चर्चा का विषय बन रहा है।

भवानजी ने कहा कि ऐसे बयानों और गतिविधियों से यह संदेश जाता है कि राजनीतिक मुद्दों का समाधान संसद में चर्चा के बजाय सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन के माध्यम से तलाशा जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी के रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विवादों का समाधान संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के दायरे में होना चाहिए।

चुनाव आयोग को लेकर जारी विवाद के बीच भवानजी की इस टिप्पणी से राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।