मातृभाषा डॉट कॉम के दशक उत्सव में 15 विशिष्ट व्यक्तित्वों को मिला ‘भाषा सारथी सम्मान’

भागीरथ सिन्हा

**नई दिल्ली।**मातृभाषा डॉट कॉम की दस वर्षों की साहित्यिक यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मातृभाषा उन्नयन संस्थान, दिल्ली इकाई की ओर से दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज स्थित नए संगोष्ठी कक्ष में ‘दशक उत्सव एवं भाषा सारथी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, प्रसारण, मीडिया और विधि के क्षेत्र में हिंदी एवं भारतीय भाषाओं के संवर्धन के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले 15 विशिष्ट व्यक्तित्वों को भाषा सारथी सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) रमा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) के. जी. सुरेश तथा सारस्वत अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) पूरनचंद टंडन उपस्थित रहे।

मातृभाषा डॉट कॉम की सह-संपादक भावना शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में मंच की दस वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि आज 10 हजार से अधिक रचनाकारों, 50 लाख से अधिक पाठकों और 50 हजार से अधिक वेब पृष्ठों के साथ एक व्यापक साहित्यिक परिवार बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाषा का संरक्षण केवल साहित्यकारों की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। भाषा सारथी सम्मान इसी सामूहिक योगदान को पहचान देने का प्रयास है।

समारोह की अध्यक्षता कर रहीं प्रो. (डॉ.) रमा ने मातृभाषा डॉट कॉम की दस वर्षों की साहित्यिक यात्रा की सराहना करते हुए संस्थान को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में इसी तरह निरंतर सक्रिय रहने की कामना की।

सारस्वत अतिथि प्रो. (डॉ.) पूरनचंद टंडन ने कहा कि हिंदी की समृद्धि के लिए भारतीय भाषाओं के साथ हमारा जुड़ाव और संवाद मजबूत होना आवश्यक है। सभी भारतीय भाषाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने से हिंदी का दायरा भी विस्तृत होगा और वह अधिक समृद्ध बनेगी।

मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) के. जी. सुरेश ने कहा कि अब वातावरण बदल रहा है और सोच में भी सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। नई पीढ़ी में अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। यह भाषा के भविष्य के लिए एक सुखद संकेत है।

समारोह में प्रो. सदानंद पांडे, पत्रकार एवं शिक्षाविद्; श्री राम अवतार बैरवा, सहायक निदेशक, आकाशवाणी; प्रो. हरीश अरोड़ा, प्रोफेसर, पीजीडीएवी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय; डॉ. विजय कुमार मिश्र, सहायक प्रोफेसर, हंसराज कॉलेज; डॉ. सुशील द्विवेदी, सहायक संपादक, साहित्य अकादमी, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार; डॉ. आरती, व्याख्याता (हिंदी), शिक्षा विभाग, दिल्ली; श्री ओम प्रकाश प्रजापति, संपादक, ट्रू मीडिया समूह; सुश्री सोनल दहिया, पत्रकार एवं एंकर; डॉ. दलजीत सचदेवा, मीडिया विशेषज्ञ; श्री वागीश शर्मा, अधिवक्ता, उच्चतम न्यायालय; श्री सुनील जैन राही, वरिष्ठ साहित्यकार; श्री ओम प्रकाश सपरा, वरिष्ठ साहित्यकार; श्री मनोज कामदेव, दोहाकार; डॉ. विवेक गौतम, वरिष्ठ साहित्यकार तथा जनाब शकील अहमद सैफ, लेखक एवं पत्रकार को भाषा सारथी सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर सभी भाषा सारथियों ने मातृभाषा डॉट कॉम की दस वर्षों की साहित्यिक यात्रा और हिंदी को डिजिटल मंच पर स्थापित करने के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कामना मिश्रा ने किया। भागीरथ सिन्हा ने मीडिया दायित्व निभाया तथा अंत में सुरभि सप्रू ने सभी अतिथियों, सम्मानित भाषा सारथियों और उपस्थित साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।