एकता और अखंडता के संदेश के साथ पवई में ‘रन ऑफ यूनिटी’ का आयोजन
राजेश कुमार उपाध्याय
मुंबई: देश की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जलजा फाउंडेशन की ओर से रविवार, 1 नवंबर को पवई स्थित हीरानंदानी परिसर में ‘रन ऑफ यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब पांच हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
जलजा फाउंडेशन की ओर से पिछले नौ वर्षों से लगातार इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। इस बार भी युवाओं, महिलाओं, बच्चों और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर एकता के संकल्प को मजबूत किया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेता एवं फिल्म कलाकार सुरेंद्र पाल सिंह, बोरीवली के भाजपा विधायक संजय उपाध्याय, चांदिवली विधानसभा क्षेत्र के शिवसेना विधायक दिलीप (मामा) लांडे, भाजपा नेता अमरजीत सिंह, फाउंडेशन के अध्यक्ष जय प्रकाश शेट्टी, शिल्पा शेट्टी, संजना शेट्टी, शुभ महादिक, महेश शेट्टी, सुरेंद्र यादव, वीरेंद्र दुबे, सीताराम तिवारी, करण शेट्टी, भाजपा नेता शुभ्रांशु दीक्षित और अभिनेता सरहान सिंह उपस्थित रहे।
शुभ्रांशु दीक्षित ने बताया कि वर्ष 2017 से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में ‘रन ऑफ यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को नौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में रन ऑफ यूनिटी का उल्लेख कर चुके हैं। हर वर्ष करीब पांच हजार से अधिक लोग इसमें शामिल होकर उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लेते हैं।
प्रतिभागियों की सुविधा और उनकी क्षमता को ध्यान में रखते हुए दौड़ को 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया। सुबह से ही हीरानंदानी परिसर में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था। लोगों ने पूरे जोश और उमंग के साथ निर्धारित दूरी पूरी की।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजन के माध्यम से खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी प्रोत्साहित किया गया।
जलजा फाउंडेशन की यह पहल लगातार नौ वर्षों से राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दे रही है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.