भैयालाल धाकड़/संवाददाता विदिशा
विदिशा। मध्यप्रदेश राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेन्द्र कुमार मल्होत्रा ने विदिशा जिले के प्रवास के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर खाद्य सुरक्षा एवं पोषण से जुड़ी शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पठारी हवेली और चिढ़ोरिया गांव पहुंचकर शासकीय उचित मूल्य दुकानों, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (पीएम पोषण) के तहत मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयोग अध्यक्ष प्रो. मल्होत्रा ने उचित मूल्य दुकानों पर हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था, उपलब्ध खाद्यान्न और संबंधित अभिलेखों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संधारित पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति समझी। साथ ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर यह जानने का प्रयास किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक किस प्रकार पहुंच रहा है।
स्कूलों में संचालित पीएम पोषण योजना का जायजा लेते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से मध्यान्ह भोजन की उपलब्धता, गुणवत्ता और नियमित वितरण के संबंध में सीधे बातचीत की। बच्चों से भोजन की गुणवत्ता तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन मिलने की जानकारी भी ली, ताकि योजना के वास्तविक क्रियान्वयन का आकलन किया जा सके।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान आयोग अध्यक्ष ने बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्यान्न और पोषण आहार की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर खाद्यान्न की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछे और क्रॉस मॉनिटरिंग की। इसके साथ ही संबंधित अभिलेखों एवं पंजियों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया।
आयोग अध्यक्ष का यह ग्रामीण भ्रमण खाद्य सुरक्षा एवं पोषण संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
निरीक्षण भ्रमण के दौरान पीएम पोषण आहार की जिला समन्वयक श्रीमती कृति चौहान, सहायक आपूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.