भैयालाल धाकड़/संवाददाता विदिशा
विदिशा। जिले में किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद विक्रय व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जिले की सभी शासकीय एवं निजी खाद विक्रय दुकानों की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीएम एवं तहसीलदारों को दिए हैं।
कलेक्टर ने लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी खाद विक्रय दुकानों की अद्यतन सूची संबंधित तहसीलदारों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रत्येक दुकान की नियमित निगरानी की जा सके।
उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को अपने-अपने क्षेत्र में खाद विक्रय एवं उर्वरक वितरण व्यवस्था पर सतत नजर रखने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि खाद बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने तहसीलदारों को प्रत्येक खाद विक्रय दुकान का निरीक्षण कर निर्धारित दरों की सूची, उपलब्ध खाद के स्टॉक और विक्रय पंजी की अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए हैं। दुकानों पर रेट सूची प्रदर्शित होना सुनिश्चित करने के साथ स्टॉक एवं विक्रय पंजी में दर्ज जानकारी का वास्तविक उपलब्धता और बिक्री से मिलान भी किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त खाद विक्रेताओं द्वारा दुकान संचालन के लिए आवश्यकतानुसार विद्युत का कमर्शियल कनेक्शन लिया गया है या नहीं तथा डायवर्शन राशि नियमानुसार जमा की जा रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित बिंदुओं के अनुसार जांच पूरी कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए खाद की उपलब्धता, निर्धारित दरों पर बिक्री और पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.