रवीन्द्र मिश्रा / संवाददाता

मुंबई। उत्तर मध्य मुंबई भाजपा की कालीना विधानसभा इकाई की ओर से सोमवार, 2 नवंबर को शिवाजी पार्क में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मोर्चा निकाला गया। उत्तर मध्य मुंबई कालीना विधानसभा भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं उत्तर मध्य मुंबई भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य अनिल उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित इस मोर्चे में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

मोर्चे की शुरुआत छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान से हुई, जो कामगार कल्याण मंडल मैदान पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान मोर्चे में शामिल लोग ‘देश का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।

कालीना विधानसभा भाजपा महिला उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति अनिल उपाध्याय के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी मोर्चे में भागीदारी की। आयोजकों का कहना था कि छत्रपति शिवाजी महाराज की इस पवित्र भूमि पर किसी को भी अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मोर्चे के समापन पर उत्तर मध्य मुंबई भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य अनिल उपाध्याय ने इसमें शामिल हुए सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।