जगदीश प्रसाद
मीरजापुर। जिगना क्षेत्र में चक्रवाती तूफान अर्नब और लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में पककर तैयार धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। वहीं, कटाई के बाद खेतों में बांधकर रखे गए धान के गठ्ठर पानी में भीगने से सड़ने लगे हैं। बाजरा समेत अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम साफ होने और धूप निकलने के आसार नहीं दिखने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
पहाड़ी गांव कामापुर कला से लेकर मैदानी क्षेत्र के चड़ेरू चौकठा, सुमतिया, नरोइयां, गोनौरा, बौंता, बहुती, रामपुर हंसवार और गौरा सहित आसपास के गांवों में धान की फसल खेतों में बिछ गई है। छानबे क्षेत्र के हजारों बीघे में फैले छनवर के सीवानों में भी तेज हवाओं और बारिश की वजह से फसल को नुकसान पहुंचा है।
किसान दयाशंकर पांडेय, मोहन, हरषू, हरीलाल, रामप्रसाद और जमुना ने बताया कि फसल बर्बाद होने के बाद अब उन्हें क्षतिपूर्ति और फसल बीमा की राशि के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि नुकसान का आकलन करने के लिए लेखपाल और राजस्व निरीक्षक गांवों में नहीं पहुंच रहे हैं। कई लेखपालों के मोबाइल फोन भी बंद मिल रहे हैं, जिससे किसानों को अपनी समस्या अधिकारियों तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है।
किसानों ने जिलाधिकारी और जिला कृषि अधिकारी से प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। साथ ही उचित मुआवजा देने और पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की मांग उठाई है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.