मुंबई: कंपनी के मालिक की पहचान का दुरुपयोग कर 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का मुंबई पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में मुलुंड पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से देश के 21 राज्यों में 255 साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन शिकायतों में कथित तौर पर करीब 72 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का पता चला है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को एक निजी कंपनी के कर्मचारी को अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप संदेश भेजा गया था। आरोपी ने अपने व्हाट्सऐप की डीपी पर कंपनी मालिक की तस्वीर लगाकर खुद को मालिक बताया और कर्मचारी को विश्वास में लेकर कंपनी के बैंक खाते से 10 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर मुलुंड पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 925/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस की जांच टीम ने बैंक लेनदेन और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसमें ठगी की रकम में से 5 लाख 50 हजार रुपये उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित एक बैंक खाते में जमा होने और बाद में चेक के माध्यम से निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मेरठ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आगे की जांच में गाजियाबाद से एक, वडोदरा से एक और मुंबई के कांदिवली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों से ठगी की रकम में से 5 लाख 50 हजार रुपये और अपराध में इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले बैंक खातों की जानकारी का विश्लेषण करने पर साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। एक आरोपी के मोबाइल में मिले 11 बैंक खातों के खिलाफ देश के 21 राज्यों में 182 साइबर शिकायतें दर्ज थीं। वहीं, दूसरे आरोपी से जुड़े 49 बैंक खातों के खिलाफ देशभर में 73 साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली। इन सभी शिकायतों में कथित साइबर ठगी की कुल रकम लगभग 72 करोड़ रुपये बताई गई है।
टेलीग्राम ग्रुप के जरिए चल रहा था ठगी का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से साइबर ठगी के लिए बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का काम करते थे। बैंक खाताधारकों के मोबाइल फोन में APK फाइल इंस्टॉल करवाकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जाता था। इसके बाद रकम को अलग-अलग बैंक खातों में भेजकर नकदी के रूप में निकाला जाता था और कुछ रकम को USDT क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित किया जाता था।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व प्रादेशिक विभाग) धनंजय कुलकर्णी, पुलिस उपायुक्त परिमंडल-3 अभयसिंह देशमुख तथा सहायक पुलिस आयुक्त मुलुंड विभाग सुदर्शन होनवडकर के मार्गदर्शन में की गई। मुलुंड पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष घाटेकर के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सचिन आंब्रे, पुलिस उपनिरीक्षक सुमित सोनवणे, स्वप्निल महाजन सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान पुलिस का भी सहयोग मिला।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या लालच के बदले अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक अथवा सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल मोबाइल में इंस्टॉल न करें। यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.