त्रिलोकी नाथ पाण्डेय
विशेष संवाददाता
मीरजापुर- उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में एवं जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर के मार्गदर्शन में दिनांक 01.11.2026 को बी०एच०यू० साउथ कैम्पस, बरकच्छा, मीरजापुर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उक्त शिविर का मुख्य उद्देश्य जनपद के आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ सुलभ कराना तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय एवं सरकारी सेवाओं की मुख्यधारा से जोड़ना है।
शिविर के माध्यम से उत्तर प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाया जायेगा, जिनका उद्देश्य निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन एवं असहाय व्यक्ति, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों का सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान करना है।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदान करने, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करने, आवेदन प्राप्त करने तथा योजनाओं से संबंधित लाभ एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विभागीय स्टॉल स्थापित किये जायेंगे।
शिविर में विशेष रूप से पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, श्रमिक कल्याण योजनाओं, बाल संरक्षण एवं महिला कल्याण योजनाओं सहित अन्य विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किये जाने की कार्यवाही की जायेगी।
इसके अतिरिक्त आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, महिलाओं एवं बच्चों के विधिक अधिकारों, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण तथा विभिन्न विधिक प्रावधानों के संबंध में जागरूक किया जायेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर द्वारा जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उक्त मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में प्रतिभाग करें तथा अपने एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों को शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु शिविर में उपस्थित होकर संबंधित विभागों से संपर्क करें।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.