पालघर। प्रतिकूल मौसम और अन्य प्राकृतिक कारणों से खेती को हुए नुकसान का तत्काल पंचनामा कर प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, जिन तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया गया है, वहां भी फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपी जाए। ये निर्देश राज्यमंत्री योगेश कदम ने संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक में राज्यमंत्री योगेश कदम ने जिले के विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। इस अवसर पर विधायक राजेंद्र गावित, विधायक रवींद्र फाटक, जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष वैदेही वाढाण, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे, उपजिलाधिकारी रणजीत देसाई सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राजस्व, ग्रामीण विकास, सार्वजनिक वितरण व्यवस्था, जलापूर्ति, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आवास योजनाओं, सूखा नियोजन और सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
राज्यमंत्री योगेश कदम ने कहा कि फसलों के नुकसान का पंचनामा करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रभावित फसल सर्वेक्षण से छूटने न पाए। जिन तालुकों को आधिकारिक रूप से सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया गया है, वहां भी खेती को हुए वास्तविक नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर पंचनामा पूरा किया जाए। इसके बाद विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजकर किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विभागवार नियोजन किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर कर लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें।
राज्यमंत्री ने प्रशासनिक कामकाज में तेजी, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। उन्होंने जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों की नियमित समीक्षा कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.