विद्यार्थियों ने अपनी पॉकेट मनी से मनाई दीपावली, जरूरतमंदों को बांटे उपहार
रवीन्द्र मिश्रा / संवाददाता
मुंबई। दीपावली खुशियों का त्योहार माना जाता है। इस अवसर पर लोग एक-दूसरे के घर और कार्यालय जाकर मिठाई खिलाते हैं तथा शुभकामनाएं देते हैं। हालांकि, आर्थिक परिस्थितियों के कारण समाज के कई जरूरतमंद परिवार इस त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों के साथ दीपावली की खुशियां बांटने का सराहनीय प्रयास कुछ विद्यार्थियों ने किया।
वसई पूर्व स्थित जूचंद्र के कर्मवीर भाऊराव पाटिल तथा एस.पी. जूनियर कॉलेज के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी पॉकेट मनी से मिठाई, नमकीन, चिवड़ा, साकरपाला आदि खरीदकर सुंदर उपहार बॉक्स तैयार किए। विद्यार्थियों ने इन उपहारों को इमारतों में काम करने वाले निर्माण मजदूरों, जरूरतमंद परिवारों तथा क्षेत्र में कार्यरत आरोग्य सेविकाओं को भेंट किया और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
विद्यालय के मुख्याध्यापक विलासराव जगताप, जूनियर कॉलेज के प्राध्यापक निलेश गवली तथा पर्यवेक्षिका श्रीमती कविता पाटिल के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जूनियर कॉलेज के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.