मुंबई के समंदर में तैरेंगे विज्ञापन वाले होर्डिंग, महाराष्ट्र सरकार की योजना पर शुरू हुआ विरोध

सूर्यप्रकाश दुबे / संवाददाता

मुंबई: मुंबई के समुद्र में अब लहरों, मछलियों और नावों के बीच विज्ञापन वाले बड़े-बड़े होर्डिंग भी नजर आ सकते हैं। महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड (MMB) ने मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) के समुद्री किनारों और चुनिंदा जेटियों पर तैरते विज्ञापन प्लेटफॉर्म तथा सामान्य होर्डिंग लगाने के लिए टेंडर जारी किए हैं। हालांकि, सरकार की इस योजना को लेकर विवाद शुरू हो गया है। राजनीतिक नेताओं के साथ पर्यावरण विशेषज्ञों और स्थानीय संगठनों ने भी इस पर चिंता जताई है।

महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड की इस योजना के तहत कुल 29 विज्ञापन स्ट्रक्चर लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें 15 फ्लोटिंग एडवरटाइजिंग बार्ज और 14 फिक्स्ड होर्डिंग शामिल हैं। फ्लोटिंग बार्ज समुद्र के पानी में तैरने वाले बड़े प्लेटफॉर्म या नाव जैसे ढांचे होंगे, जिन पर विज्ञापन प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं, फिक्स्ड होर्डिंग समुद्र किनारे, जेटियों और अन्य निर्धारित स्थानों पर लगाए जाएंगे।

टेंडर के अनुसार, प्रत्येक विज्ञापन स्ट्रक्चर का आकार लगभग 40×40 फीट तक हो सकता है। योजना के लिए जुहू बीच, लोटस जेट्टी, बांद्रा-वर्ली सी लिंक जेट्टी, कार्टर रोड और मार्वे जेट्टी सहित कई स्थानों को शामिल किया गया है। इसके अलावा नवी मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी विज्ञापन लगाने की योजना है।

सरकार की ओर से इस पहल का उद्देश्य बंदरगाहों और जल परिवहन से जुड़े कार्यों के लिए राजस्व जुटाना बताया गया है। हालांकि, समुद्री क्षेत्र में इतने बड़े विज्ञापन ढांचे लगाए जाने को लेकर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने सवाल उठाए हैं।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने इस योजना का विरोध करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस फैसले पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं, बांद्रा वेस्ट रेजिडेंट्स एसोसिएशन ने भी प्रस्तावित योजना पर आपत्ति जताई है।

अब इस योजना को लेकर सरकार के राजस्व संबंधी उद्देश्य और समुद्री पर्यावरण तथा तटीय क्षेत्रों के संरक्षण के बीच संतुलन को लेकर बहस तेज हो गई है।