मौलाना अबुल कलाम आजाद के शैक्षिक मिशन को आगे बढ़ाना जरूरी: राशिद खान
सैयद जाहिद अली रियासत / संवाददाता
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के मुंबई अल्पसंख्यक विभाग की ओर से देश के प्रथम शिक्षा मंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी और प्रख्यात शिक्षाविद् मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती तथा राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुंबई अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष राशिद खान के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में मौलाना आजाद के विचारों और देश की शिक्षा व्यवस्था के विकास में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मौलाना अबुल कलाम आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शैक्षिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति, जागरूकता और खुशहाली का प्रमुख आधार है। मौलाना आजाद ने शिक्षा के प्रसार और मजबूत शैक्षिक व्यवस्था के निर्माण के लिए जो प्रयास किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुबारक खान, प्रदेश महासचिव रविंद्र पवार, मुंबई ऑब्जर्वर बिलकिस शेख आपा, जावेद खान, निजाम शेख, डॉ. इमरान खान और मोहम्मद गौस सहित पार्टी के कई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राशिद खान ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और शैक्षिक मिशन को आगे बढ़ाया जाए, ताकि समाज के हर व्यक्ति को शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।
राशिद खान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मौलाना आजाद के विचारों और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना रहा।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.