नासिक के उद्योगपति केसी पांडे ने एक ही दिन में की चारों धाम की यात्रा, बनाया अनोखा रिकॉर्ड
राजेश कुमार उपाध्याय /संवाददाता
मुंबई। नासिक के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं विश्व विख्यात गारगोटी संग्रहालय के संस्थापक केसी पांडे ने अपनी धर्मपत्नी नीरा कृष्णा पांडे के साथ एक ही दिन में उत्तराखंड के चारों धाम की यात्रा कर विशेष उपलब्धि हासिल की है। बताया गया है कि उन्होंने किराये के हेलीकॉप्टर से यह धार्मिक यात्रा पूरी की, जिस पर करीब 10 लाख रुपये खर्च हुए।
वरिष्ठ नागरिक दंपत्ति के लिए इतने कम समय में चारों धाम के दर्शन करना चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इस यात्रा में उनके साथ श्री कैलाश मठ ट्रस्ट के महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी संविदानंद, वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा और प्रेम मिश्रा भी मौजूद रहे।
अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए केसी पांडे ने ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा काफी कठिन थी, लेकिन प्रकृति ने पूरा साथ दिया। दीपावली के अवसर पर पूरी हुई यह धार्मिक यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय यादों में शामिल हो गई है।
उत्तराखंड के चार धाम को छोटा चार धाम भी कहा जाता है। इनमें मां यमुना के उद्गम स्थल यमुनोत्री, मां गंगा के उद्गम स्थल गंगोत्री, भगवान शिव को समर्पित केदारनाथ और भगवान विष्णु के पवित्र धाम बद्रीनाथ का विशेष महत्व है। इन चारों तीर्थस्थलों के दर्शन श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े होते हैं।
केसी पांडे की इस यात्रा को उनके आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से जोड़कर देखा जा रहा है। साईं बाबा के अनन्य भक्त रहे पांडे श्री शिरडी संस्थान के ट्रस्टी भी रह चुके हैं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय साईं बाबा के चरणों में समर्पित किया।
उल्लेखनीय है कि केसी पांडे भारतीय नौसेना में चीफ एयर आर्टिफिसर के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 1993 में सेवानिवृत्त होने से पहले उन्होंने 1978 से 1993 तक आईएनएस विक्रांत और आईएनएस विराट जैसे प्रमुख विमानवाहक पोतों पर अपनी सेवाएं दी थीं।
उनकी यह धार्मिक यात्रा आस्था, संकल्प और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का एक उल्लेखनीय उदाहरण है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.