मनीला/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संगत की उपस्थिति में गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस अवसर पर फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

खालसा दीवान गुरुद्वारे का इतिहास काफी पुराना है। इसकी स्थापना वर्ष 1901 में हुई थी और वर्ष 1903 में इसे विधिवत रूप से संगठित किया गया। बाद में वर्ष 1924 में इस संस्था का पंजीकरण 'खालसा दीवान' के नाम से किया गया। इसे फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा होने का गौरव प्राप्त है।

यह गुरुद्वारा लंबे समय से मनीला में रहने वाले सिख समुदाय के साथ-साथ अन्य समुदायों के लिए भी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और परोपकारी गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। यहां धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सिख परंपराओं, सेवा और भाईचारे की भावना को बढ़ावा दिया जाता है।

खालसा दीवान गुरुद्वारा भारतीय-सिख समुदाय और फिलीपींस के स्थानीय लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा इसके पुनर्निर्माण की आधारशिला रखा जाना इस ऐतिहासिक धार्मिक संस्था के संरक्षण और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।