नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 18 से 19 नवंबर 2026 तक जापान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे टोक्यो में आयोजित होने वाली भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चतुर्थ 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी तथा विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे।

इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देश अपने द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। दोनों देश स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता भी दोहराएंगे।

जापान के रक्षा मंत्री के साथ राजनाथ सिंह की द्विपक्षीय बैठक भी इस यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। इस वर्ष दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच यह तीसरी बैठक होगी। इससे पहले अगस्त 2026 में नई दिल्ली और अक्टूबर 2026 में सेबू में आयोजित आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस के दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई थी।

आगामी बैठक में रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग, समुद्री सुरक्षा तथा तीनों सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यासों के दायरे और जटिलता को बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा दोनों देशों के बीच रक्षा उद्योग से जुड़े सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और समान रणनीतिक हितों पर आधारित है। राजनाथ सिंह की इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के रक्षा संबंधों को और मजबूत करना तथा सैन्य एवं औद्योगिक क्षेत्रों में आपसी सहयोग को नई दिशा देना है।