भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए टर्नओवर पर टैक्स लगाया जाए: बाबू भाई भवानजी
राजेश कुमार उपाध्याय / संवाददाता
मुंबई। मुंबई के पूर्व उप महापौर एवं शिवसेना नेता बाबू भाई भवानजी ने देश की मौजूदा कर व्यवस्था में व्यापक बदलाव की आवश्यकता जताते हुए सभी प्रकार के टैक्स समाप्त कर टर्नओवर आधारित टैक्स प्रणाली लागू करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से कर प्रणाली सरल होगी और टैक्स चोरी तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
अपने बयान में भवानजी ने टर्नओवर के आधार पर अलग-अलग टैक्स दरें निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि 10 लाख रुपये तक के टर्नओवर पर शून्य टैक्स, 20 लाख रुपये तक के टर्नओवर पर एक प्रतिशत और 30 लाख रुपये तक के टर्नओवर पर तीन प्रतिशत टैक्स लगाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि टैक्स की दर 30 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कारोबार से जुड़े सभी वित्तीय लेनदेन बैंक के माध्यम से होने चाहिए। इससे हिसाब-किताब की जटिलताएं कम होंगी और अलग-अलग प्रकार के टैक्स तथा लेखा संबंधी प्रक्रियाओं से कारोबारियों को राहत मिल सकती है। नकद लेनदेन को समाप्त कर डिजिटल और बैंकिंग व्यवस्था अपनाने से पारदर्शिता बढ़ेगी तथा भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगाने में सहायता मिलेगी।
भवानजी ने संपत्तियों के पंजीकरण और उनकी जानकारी सार्वजनिक रूप से घोषित करने की व्यवस्था पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति संपत्ति खरीदे तो उसका पंजीकरण अनिवार्य होना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी संपत्ति, वाहन और अन्य साधन-सामग्री के साथ सोना, चांदी, हीरे-जवाहरात तथा जमीन-जायदाद का विवरण घोषित करना चाहिए।
उन्होंने सरकार से शिक्षा और उपचार की सुविधा देश के सभी नागरिकों के लिए मुफ्त करने की मांग भी की। साथ ही उनका सुझाव है कि परिवार नियोजन अपनाने वाले लोगों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाना चाहिए।
अपने बयान के अंत में भवानजी ने देशवासियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने डिजिटल भारत, भयमुक्त भारत, अपराधमुक्त भारत, भ्रष्टाचारमुक्त भारत, नशामुक्त भारत, स्वच्छ भारत, सशक्त भारत और खुशहाल भारत बनाने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सपनों का भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.