मऊ-मानिकपुर विधानसभा में चुनावी हलचल तेज, विधायक अविनाश द्विवेदी के सामने नई चुनौतियों की चर्चा
प्रमोद मिश्रा / जिला संवाददाता
चित्रकूट: मऊ-मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र (237) में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी की चुनावी संभावनाओं और संभावित प्रत्याशियों को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में उनके विजय रथ को रोकने की रणनीतियों को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
मीडिया में दिए जा रहे बयानों के अनुसार, मऊ-मानिकपुर के निवर्तमान विधायक आनंद शुक्ला आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। वहीं, भाजपा समर्थित अपना दल (एस) के विधायक के रूप में चुनाव जीतने वाले अविनाश चंद्र द्विवेदी की राजनीतिक स्थिति को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं। जनपद में भाजपा और उसके सहयोगी दल के बीच आपसी तालमेल तथा राजनीतिक समीकरणों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी जातिगत समीकरणों के आधार पर अपनी चुनावी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में जुटी बताई जा रही है। जनपद के इकलौते विधायक लल्ली महाराज की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात और चित्रकूट के लिए एक हजार करोड़ रुपये के पैकेज की चर्चा भी राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनी हुई है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर विभिन्न समाजों की राजनीतिक नाराजगी और समर्थन को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
वहीं, बहुजन समाज पार्टी के संभावित प्रत्याशी को लेकर भी चर्चा है। राजनीतिक चर्चाओं में महंत भरत दास का नाम भी विधानसभा चुनाव लड़ने के संभावित दावेदार के रूप में सामने आ रहा है।
मऊ-मानिकपुर क्षेत्र में ब्राह्मण, कुर्मी, अनुसूचित जाति सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के मतदाताओं की भूमिका को लेकर राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट सकते हैं। हालांकि, टिकट वितरण, प्रत्याशियों की घोषणा और चुनावी गठबंधन को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल क्षेत्र में राजनीतिक दावों और अटकलों का दौर जारी है। आगामी विधानसभा चुनाव में किस दल का प्रत्याशी मैदान में उतरेगा और मतदाता किसे अपना समर्थन देंगे, इसका फैसला चुनाव के समय ही होगा।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.