मराठी फिल्म ‘बंधू’ के मालिकाना हक को लेकर विवाद, सान्वी प्रोडक्शन हाउस ने लगाए गंभीर आरोप
सैय्यद जाहिद अली रियासत / संवाददाता
मुंबई। उपेंद्र लिमये, जितेंद्र जोशी और मृण्मयी देशपांडे अभिनीत मराठी फिल्म ‘बंधू’ के निर्माण और मालिकाना हक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सान्वी प्रोडक्शन हाउस की मालकिन आरती गजानन चव्हाण-राठोड ने दावा किया है कि फिल्म के निर्माण पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और कलाकारों का मानधन भी उनकी कंपनी की ओर से दिया गया है।
आरती चव्हाण-राठोड की ओर से एडवोकेट मंगेश नाईक ने बुधवार को मुंबई मराठी पत्रकार संघ में पत्रकार परिषद आयोजित कर आरोप लगाया कि फिल्म के निर्देशक एवं पटकथा लेखक नितीन सुपेकर और तत्कालीन एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर विनोद नाईक ने दबाव बनाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए और फिल्म के अधिकार दूसरे पक्ष को हस्तांतरित करने का प्रयास किया।
सान्वी प्रोडक्शन हाउस के अनुसार, फिल्म का निर्माण दिसंबर 2025 में पूरा हुआ था। इसकी शूटिंग वाई और फलटण में की गई थी। इस मामले में पुणे के पर्वती पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के जरिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, नितीन सुपेकर और विनोद नाईक के खिलाफ अंधेरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
आरती चव्हाण ने आरोप लगाया कि फिल्म के अधिकार रजत बेदी से जुड़ी Triflix Entertainment LLP को हस्तांतरित किए गए हैं। इस संबंध में रजत बेदी को कानूनी नोटिस भेजा गया है। 20 नवंबर 2026 को फिल्म रिलीज करने की कोशिशों को भी मुंबई हाईकोर्ट में चुनौती देने की जानकारी दी गई।
सान्वी प्रोडक्शन हाउस ने अखिल भारतीय मराठी चित्रपट महामंडल से नितीन सुपेकर और विनोद नाईक के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उन्हें महामंडल से निष्कासित करने की मांग की है। पत्रकार परिषद में आरती चव्हाण के पति निलेश राठोड भी उपस्थित थे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.