मुंबई/पालघर: भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में राघोजी रामजी भांगरे का नाम एक ऐसे आदिवासी क्रांतिकारी के रूप में दर्ज है, जिन्होंने 1857 की क्रांति से पहले ही अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया था। उन्होंने ब्रिटिश सत्ता और साहूकारों के अत्याचारों के खिलाफ सह्याद्री की पहाड़ियों और घाटियों में ऐसा सशस्त्र आंदोलन खड़ा किया था कि अंग्रेजी सेना भी उनसे भयभीत रहती थी। आदिवासी समुदाय में क्रांति की पहली मशाल जलाने वाले महान योद्धाओं में राघोजी भांगरे का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाना चाहिए। यह बात आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके ने कही।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के अत्याचारों के खिलाफ राघोजी भांगरे ने जिस साहस और दृढ़ संकल्प के साथ संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणादायी है। सह्याद्री की दुर्गम पहाड़ियों में उनकी गर्जना आदिवासी समाज की एकता, स्वाभिमान और अधिकारों की आवाज बन गई थी। उनके जीवन और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
आदिवासी परिवार में हुआ था जन्म
राघोजी भांगरे का जन्म 8 नवंबर 1805 को तत्कालीन अहमदनगर (वर्तमान अहिल्यानगर) जिले के अकोले तालुका स्थित देवगांव में महादेव कोली आदिवासी परिवार में हुआ था। उनके पिता रामजी भांगरे भी एक वीर योद्धा और किलेदार थे। आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचारों और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा उन्हें अपने परिवार से ही मिली थी।
16 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध
अकोले तालुका का रतनगढ़ सह्याद्री पर्वत श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण किला था। महादेव कोली आदिवासी समुदाय परंपरागत रूप से इस किले की सुरक्षा करता था। ब्रिटिश शासन द्वारा किले पर कब्जा करने के प्रयासों के विरोध में 1821 में रामजी भांगरे ने गोविंदराव खाडे और रामा किरवा के सहयोग से विद्रोह किया। उस समय राघोजी भांगरे मात्र 16 वर्ष के थे और अपने पिता के साथ इस संघर्ष में शामिल हुए थे।
अंग्रेज अधिकारी कैप्टन मैकिंटॉश ने करीब 5,000 सैनिकों के साथ रतनगढ़ पर हमला किया। रामजी भांगरे के नेतृत्व में लगभग 500 आदिवासी योद्धाओं ने अंग्रेजी सेना का डटकर मुकाबला किया। अंग्रेजों को अतिरिक्त सैन्य सहायता बुलानी पड़ी। हालांकि, अंततः रामजी भांगरे को गिरफ्तार कर काला पानी की सजा दी गई। पिता के साथ कम उम्र में युद्ध का अनुभव प्राप्त करने वाले राघोजी के जीवन में यह संघर्ष निर्णायक साबित हुआ।
अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ संगठित किया आंदोलन
पिता के संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए राघोजी भांगरे ने अपने भाई बापूजी भांगरे के साथ महादेव कोली और भील युवाओं की टोलियां संगठित कीं। वर्ष 1838 में उन्होंने रतनगढ़ और सनगर किले के आसपास अंग्रेजी शासन के खिलाफ बड़ा विद्रोह किया।
सह्याद्री की पहाड़ियों, घाटियों और दुर्गम रास्तों की गहरी जानकारी होने के कारण राघोजी अंग्रेजी सेना पर अचानक हमला करते और फिर पहाड़ों में गायब हो जाते थे। अंग्रेजों ने उनके आंदोलन को कुचलने के लिए घाटों, सड़कों और जंगलों के रास्तों पर पहरा लगा दिया, लेकिन राघोजी ने हार नहीं मानी। उन्होंने अंग्रेजों के नियंत्रण वाले गांवों पर हमले किए, सरकारी खजाने पर कब्जा किया और अत्याचारी साहूकारों के कर्ज संबंधी दस्तावेज नष्ट किए।
आदिवासियों के अधिकारों के लिए उठाई आवाज
पेशवा शासन के दौरान आदिवासी समुदाय को वतनदारी और किलों की सुरक्षा से जुड़े परंपरागत अधिकार प्राप्त थे। वर्ष 1818 में पेशवाई के अंत के बाद अंग्रेजों ने महादेव कोली समुदाय से उनके पारंपरिक अधिकार छीन लिए। इसके साथ ही आदिवासी समाज पर अन्याय और अत्याचार बढ़ने लगे।
वर्ष 1828 में अंग्रेजों द्वारा खेती पर कर बढ़ाए जाने से गरीब किसानों की मुश्किलें और बढ़ गईं। कर चुकाने के लिए किसानों को साहूकारों से भारी ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था। बाद में साहूकार कर्ज के नाम पर उनकी जमीनें हड़पने लगे। इस अन्याय के खिलाफ राघोजी भांगरे ने संघर्ष का रास्ता चुना।
शुरुआत में राघोजी अंग्रेजी सरकार की सेवा में भी रहे, लेकिन नौकरी के दौरान हुए अपमान, वेतन में कटौती और परिवार पर अंग्रेज अधिकारियों के अत्याचारों से आहत होकर उन्होंने नौकरी छोड़ दी और अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह का रास्ता अपनाया।
अकोले से नासिक तक अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष
राघोजी भांगरे ने अपने भाई बापूजी और सहयोगियों के साथ अकोले, जुन्नर, नासिक, ठाणे, पुणे और सातारा क्षेत्रों में अंग्रेजों तथा अत्याचारी साहूकारों के खिलाफ आंदोलन चलाया। वे साहूकारों की संपत्ति और कर्ज के दस्तावेज नष्ट कर गरीबों को राहत पहुंचाने का प्रयास करते थे। इसी कारण आम जनता में उनके प्रति विशेष सम्मान था।
उनकी बढ़ती लोकप्रियता और गतिविधियों से परेशान ब्रिटिश सरकार ने उन्हें पकड़ने के लिए 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। राघोजी अनुशासनप्रिय, साहसी और महिलाओं का सम्मान करने वाले नेता थे। वे भगवान महादेव के परम भक्त भी थे।
राजूर में साहूकारों के खिलाफ अभियान
अकोले और राजूर क्षेत्र में आदिवासी किसानों की जमीन हड़पने वाले साहूकारों के खिलाफ राघोजी ने कई अभियान चलाए। उन्होंने किसानों को उनकी जमीन वापस दिलाने में मदद की। उनके आंदोलन के भय से कई साहूकार राजूर क्षेत्र छोड़कर भाग गए।
जुन्नर और नासिक में अंग्रेजों से संघर्ष
वर्ष 1844 से 1845 के दौरान राघोजी भांगरे का आंदोलन अपने चरम पर पहुंच गया था। उन्होंने उत्तर पुणे, जुन्नर, आंबेगांव, खेड़ और नासिक जिले में अंग्रेजी ठिकानों को निशाना बनाया। जुन्नर क्षेत्र में कैप्टन मैकिंटॉश की सेना के साथ उनका बड़ा संघर्ष हुआ। इस दौरान उन्होंने अंग्रेजी सेना को कड़ी चुनौती दी।
भील और महादेव कोली समाज को एकजुट करने का प्रयास
राघोजी भांगरे का संघर्ष केवल महादेव कोली समाज तक सीमित नहीं था। उन्होंने खानदेश और नगर क्षेत्र के भील नायकों को भी अंग्रेजों के खिलाफ एकजुट करने का प्रयास किया। वर्ष 1848 में पंढरपुर में भील सरदारों से मुलाकात कर उन्होंने व्यापक संघर्ष की योजना बनाई। उनका उद्देश्य सभी आदिवासी समुदायों को एक मंच पर लाकर अन्याय और शोषण के खिलाफ संगठित करना था।
विश्वासघात से गिरफ्तारी और फांसी
राघोजी भांगरे को पकड़ने के लिए अंग्रेज अधिकारी कैप्टन गेल ने व्यापक अभियान चलाया। वर्ष 1848 में पंढरपुर में वेश बदलकर पहुंचे राघोजी को अंग्रेजों ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि वे वहां दर्शन के साथ भील नायकों को एकजुट करने के उद्देश्य से पहुंचे थे।
गिरफ्तारी के बाद ठाणे की अदालत में उन पर मुकदमा चलाया गया। राघोजी ने निर्भीकता से अपनी बात रखी, लेकिन ब्रिटिश शासन ने उन्हें मृत्युदंड सुनाया। आखिरकार 2 मई 1848 को ठाणे केंद्रीय कारागृह में उन्हें फांसी दे दी गई। उनकी समाधि शहापुर तालुका के उंबरमाली (उंभ्रई) गांव में स्थित है।
आज भी आदिवासी समाज के लिए प्रेरणास्रोत
राघोजी भांगरे महाराष्ट्र के सह्याद्री क्षेत्र में ब्रिटिश शासन और साहूकारी शोषण के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष करने वाले महान आदिवासी क्रांतिकारी थे। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से पहले ही उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत को कड़ी चुनौती दी थी। उनके संघर्ष, साहस और बलिदान की गाथाएं आज भी आदिवासी समाज में सुनाई जाती हैं। उनकी समाधि पर श्रद्धालु आदरपूर्वक नमन करते हैं।
राघोजी भांगरे का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
- - अश्विनी पुजारी
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.