जगदीश प्रसाद
विंध्याचल (मीरजापुर): लोक आस्था, सूर्य उपासना और पवित्रता का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। विंध्याचल थाना क्षेत्र के नीबी गहरवार गंगा घाट पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठी मैया के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।
छठ महापर्व के अंतिम दिन तड़के ही व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री और पारंपरिक प्रसाद लेकर गंगा घाट पहुंचीं। उनके साथ फल, ठेकुआ, नारियल, केला सहित पूजन की अन्य सामग्री मौजूद थी। गंगा स्नान के बाद व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उदीयमान भगवान सूर्य की आराधना की और विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया।
सूर्य की पहली किरण के साथ ही घाट पर अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हो गया। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का समापन पारंपरिक रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ किया गया।
इस अवसर पर वैशाली, एकता सिंह, निशा सिंह, गीता देवी और प्रमिला सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने छठ पूजा कर भगवान सूर्य और छठी मैया से परिवार एवं संतान के सुखमय जीवन की प्रार्थना की। घाट पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी और धार्मिक उत्साह से पूरा वातावरण आस्था के रंग में रंगा नजर आया।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.