नई दिल्ली: देश के कृषि क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है। भारत में बागवानी फसलों के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार, 17 नवंबर को वर्ष 2025-26 के लिए बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तृतीय अग्रिम अनुमान जारी किए। इसके अनुसार, देश में कुल बागवानी उत्पादन बढ़कर 3869.15 लाख टन पहुंचने की संभावना है, जो पिछले वर्ष के 3707.38 लाख टन की तुलना में 161.77 लाख टन यानी 4.36 प्रतिशत अधिक है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस उपलब्धि को किसानों की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि बागवानी उत्पादन में यह बढ़ोतरी देश की पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के साथ किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए देश के किसानों को बधाई दी।

जारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल लगभग 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। यानी खेती का रकबा कम होने के बावजूद उत्पादन में वृद्धि का अनुमान है। यह कृषि क्षेत्र में बेहतर उत्पादकता और फसल विविधीकरण की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

फलों के उत्पादन में भी अच्छी बढ़ोतरी की संभावना है। केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल की बेहतर पैदावार के चलते वर्ष 2025-26 में फलों का उत्पादन 1230.66 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 1176.49 लाख टन से 54.18 लाख टन यानी 4.60 प्रतिशत अधिक है।

सब्जियों के उत्पादन में भी वृद्धि का अनुमान है। सब्जियों का कुल उत्पादन 2177.97 लाख टन से बढ़कर 2272.68 लाख टन तक पहुंच सकता है। वहीं, खेती का रकबा 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने की संभावना है। आलू, टमाटर, बैंगन, लौकी, खीरा, गोभी, फलियां और मटर जैसी फसलों की बेहतर पैदावार इसमें अहम योगदान देगी।

आलू के उत्पादन में विशेष रूप से बड़ी वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। पिछले वर्ष के 585.71 लाख टन के मुकाबले इस वर्ष आलू का उत्पादन 11.95 प्रतिशत बढ़कर 655.70 लाख टन होने की संभावना है। वहीं, टमाटर का उत्पादन 205.99 लाख टन से बढ़कर 214.11 लाख टन रहने का अनुमान है। प्याज का उत्पादन 288.96 लाख टन रहने की उम्मीद जताई गई है।

फूलों की खेती में भी उत्साहजनक वृद्धि दर्ज होने का अनुमान है। वर्ष 2025-26 में फूलों का उत्पादन 14.45 प्रतिशत बढ़कर 48.82 लाख टन तक पहुंच सकता है, जबकि पिछले वर्ष यह 42.65 लाख टन था। फूलों की खेती का क्षेत्रफल भी बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है।

इसके अलावा सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको जैसी रोपण फसलों के उत्पादन में भी बढ़ोतरी की संभावना है। इनका कुल उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं, सुगंधित एवं औषधीय पौधों का उत्पादन 9.01 लाख टन से बढ़कर 9.28 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है।

मसालों के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन का अनुमान है। सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय के आंकड़ों के अनुसार, हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार के चलते वर्ष 2025-26 में मसालों का कुल क्षेत्रफल 47.56 लाख हेक्टेयर और उत्पादन 123.54 लाख टन रहने की संभावना है।

कुल मिलाकर, बागवानी फसलों के ताजा अनुमान भारतीय कृषि में विविधीकरण और उत्पादन क्षमता में हो रहे सुधार को दर्शाते हैं। फल, सब्जियां, फूल, मसाले और औषधीय पौधों के उत्पादन में संभावित वृद्धि से किसानों के लिए आय के नए अवसर पैदा होने के साथ देश की खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।