रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क

अमेठी। जिले के समीप ग्राम सभा दरखा में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की सजीव झांकी प्रस्तुत होते ही पूरा पंडाल ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कथावाचक डॉ. रघुपति त्रिपाठी महाराज ने भगवान विष्णु के अवतार और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु भक्तों की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए धरती पर अवतरित होते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी बाल लीलाओं के माध्यम से अत्याचारियों का अंत कर धर्म की स्थापना का संदेश दिया।

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य और उनकी बाल लीलाओं का विस्तृत प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। जन्मोत्सव के अवसर पर प्रस्तुत आकर्षक झांकी ने सभी का मन मोह लिया। भक्ति संगीत और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

यह धार्मिक आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके डॉ. आशुतोष द्विवेदी के संयोजकत्व तथा सौरभ द्विवेदी (जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय हिंदू स्वयंसेवक संघ युवा प्रकोष्ठ, अमेठी) के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने के लिए देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य लोग पहुंच रहे हैं। डॉ. आशुतोष द्विवेदी के ननिहाल पक्ष जलालपुर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने आ रहे हैं।

कार्यक्रम में कृपा शंकर द्विवेदी, रमाशंकर द्विवेदी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।