राजेश कुमार उपाध्याय / संवाददाता

मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 से 29 नवंबर तक 'मुंबई बुक फेस्टिवल' का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में आयोजित होने वाले इस छह दिवसीय पुस्तक महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे।

करीब 7 लाख स्क्वॉयर फीट क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल में 600 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें लगभग 300 प्रकाशक हिस्सा लेंगे। पुस्तक प्रेमियों को यहां विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही साहित्यिक चर्चाएं, पुस्तक विमोचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

फेस्टिवल के दौरान प्रतिदिन बच्चों के लिए ड्रॉइंग, स्टोरी टेलिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, प्रसून जोशी, मनोज मुंतशिर, कैलाश खेर और आचार्य प्रशांत सहित कई प्रमुख हस्तियां एवं विद्वान मंच साझा करेंगे।

मुंबई बुक फेस्टिवल के मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी ने बताया कि मोबाइल और डिजिटल तकनीक के बढ़ते दौर में लोगों के बीच पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन नेशनल बुक ट्रस्ट, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, महाराष्ट्र सरकार, बीएमसी और मुंबई विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि मुंबई में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य लोगों को डिजिटल दुनिया से निकालकर वास्तविक दुनिया में पुस्तकों, विचारों और साहित्य से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में प्रतिदिन करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

आम जनता और पुस्तक प्रेमियों के लिए इस महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।