पांचवें प्रयास में आस्था सिंह बनीं भूवैज्ञानिक, गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
जगदीश प्रसाद / संवाददाता
जिगना: ग्राम पंचायत जिगना की होनहार बेटी आस्था सिंह ने पांचवें प्रयास में भूवैज्ञानिक बनने का लक्ष्य हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सफलता के बाद रविवार को पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचने पर बिहसड़ा और जिगना में ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत कर सम्मानित किया। उनकी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर एमएलसी श्याम नारायण सिंह और ब्लॉक प्रमुख सुमन सिंह ने आस्था सिंह के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि आस्था ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
अपनी सफलता के बारे में बताते हुए आस्था सिंह ने इसका श्रेय अपने पति मिहिर सिंह, पिता अमित कुमार सिंह और मां मीरा सिंह को दिया। उन्होंने बताया कि पांचवें प्रयास में उन्हें सफलता मिली। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए वह प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। उनके मन में केवल एक संकल्प था कि निरंतर मेहनत के बल पर अपने लक्ष्य को हासिल करना है।
आस्था ने कहा कि परिवार के दादा-दादी, चाचा-चाची, भाई-बहनों के साथ जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मिल रहे स्नेह एवं आशीर्वाद से वह अभिभूत हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल की जा सकती है। इसके लिए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है।
आस्था के पिता अमित कुमार सिंह छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में निदेशक पद पर कार्यरत हैं। आस्था की शिक्षा-दीक्षा भी छत्तीसगढ़ में हुई है। उनकी मां मीरा सिंह गृहिणी हैं, जबकि छोटा भाई इंजीनियर है। उनके पति मिहिर सिंह भी इंजीनियर हैं।
स्वागत समारोह में ग्राम प्रशासक सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रेम बहादुर सिंह, राम सिंह, गोपाल जायसवाल, आयुष्मान सिंह, शुभम सिंह, संजय सिंह, अजय सिंह, देवेंद्र सिंह और धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।