Home /

योग भारत को जानने का प्रवेशद्वार बना, दुनिया में बढ़ रहा आकर्षण : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

N

News Desk S K Shukla

Nov 13, 2026 • 71 Views

योग भारत को जानने का प्रवेशद्वार बना, दुनिया में बढ़ रहा आकर्षण : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

 

बेंगलुरु, 13 नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि योग आज भारत को जानने का एक महत्वपूर्ण प्रवेशद्वार बन चुका है। दुनिया के अनेक देशों में योग के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और भारत की पहल पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से करोड़ों लोग इससे जुड़ रहे हैं। योग ने भारत की संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान और वैश्विक पहचान को नई मजबूती दी है। प्रधानमंत्री शुक्रवार को बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम् के 50वें स्थापना वर्ष (स्वर्ण जयंती) समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, एस-व्यासा के अध्यक्ष एच.आर. नागेंद्र, उपाध्यक्ष डॉ. आर. नागरत्ना, कुलाधिपति एच.आर. दयानंद स्वामी, कुलपति मंजूनाथ एन.के., सांसद सी.एन. मंजूनाथ और दक्षिण कोरिया के मिरयांग शहर के महापौर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम् की 50 वर्षों की यात्रा, सेवा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एक साधारण योग केंद्र का इतने बड़े आंदोलन में बदलना अपने आप में प्रेरणादायक है। उन्होंने संस्थान से जुड़े लाखों साधकों को स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं दीं और इस अवसर पर शुरू की गई नई सुविधाओं के लिए एस-व्यासा परिवार को बधाई दी।

एच.वी. शेषाद्रि के योगदान को किया याद

प्रधानमंत्री ने श्रद्धेय एच.वी. शेषाद्रि की जन्मशताब्दी का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शेषाद्रि जी ने अपना पूरा जीवन ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के मिशन को समर्पित किया। उनका मानना था कि देश को विकास के शिखर पर पहुंचाने के लिए समर्पित, सक्षम और अनुशासित नागरिकों का निर्माण जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने उनके सरल व्यक्तित्व और सेवा भावना को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा दूसरों को आगे बढ़ाने, लोगों को जोड़ने और समाज के लिए काम करने की प्रेरणा देते थे। शेषाद्रि जी अक्सर मां के निस्वार्थ समर्पण का उदाहरण देते थे और कहते थे कि जिस तरह मां अपने बच्चे की सेवा करती है, उसी भावना से समाज की सेवा की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शेषाद्रि जी का यह विचार कि समाज को दोनों हाथों से देने पर वह लाखों हाथों से लौटाता है, उनके जीवन में भी बार-बार सार्थक हुआ है।

योग और आधुनिक विज्ञान के समन्वय की सराहना

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जैसे महान विचारकों से मिली प्रेरणा ने प्रशांति कुटीरम् जैसे संस्थानों को जन्म दिया। इस संस्थान ने योग को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर शोध को भी बढ़ावा दिया है। यहां योग प्रशिक्षकों, शिक्षकों, चिकित्सकों और शोधकर्ताओं को तैयार किया गया है, जो देश-विदेश में लोगों की सेवा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एस-व्यासा ने योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। योग के साथ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को जोड़कर एक समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित की गई है। तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर संस्थान का शोध कार्य सराहनीय है।

150 से अधिक देशों में आयुर्वेद प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मान्यता

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत की पहल पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अब विश्वव्यापी आयोजन बन चुका है। ऑस्ट्रेलिया से अफ्रीका और अमेरिका तक करोड़ों लोग योग से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। सऊदी अरब में भी योग को खेल गतिविधि के रूप में मान्यता मिली है और वहां के खेल मंत्रालय ने योग को बढ़ावा देने के लिए भारत के आयुष मंत्रालय के साथ समझौता किया है।

उन्होंने कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों में आयुर्वेद के 150 से अधिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मान्यता मिली है। आयुर्वेद के विस्तार के लिए 28 देशों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए गए हैं। भारत सरकार का प्रयास है कि योग और आयुर्वेद का लाभ देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे।

आयुष मंत्रालय और हल्दी बोर्ड की पहल का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कहा कि योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे आयोजनों में भी योगासन को स्थान मिला है। इससे योग से जुड़े युवाओं के लिए प्रतियोगिताओं में भाग लेने के नए अवसर खुले हैं।

उन्होंने आयुष मंत्रालय की स्थापना को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि आयुर्वेद से संबंधित शोध और पेटेंट को प्रोत्साहित किया जा रहा है। भारत से आयुष एवं हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। हल्दी की वैश्विक मांग को देखते हुए उसके उत्पादन, गुणवत्ता और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की स्थापना भी की गई है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि विदेशों से भारत में उपचार के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए ई-आयुष वीजा शुरू किया गया है। वहीं, जामनगर में विश्व स्वास्थ्य संगठन का वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

विकसित भारत के निर्माण में स्वस्थ जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिक इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। इससे करोड़ों परिवारों के सामने बेहतर जीवन और स्वास्थ्य संबंधी नए अवसर उपलब्ध हुए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली प्रत्येक परिवार की प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। योग कम खर्च में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। योग से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन भी मजबूत होता है।

प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम् से आग्रह किया कि वह अपनी स्थापना के 75वें वर्ष को ध्यान में रखते हुए अगले 25 वर्षों की कार्ययोजना तैयार करे। उन्होंने कहा कि जब देश विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करेगा, तब प्रशांति कुटीरम् की 75 वर्षों की यात्रा भी इस राष्ट्रीय विकास अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेगी।

अंत में प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम् परिवार को स्वर्ण जयंती की बधाई देते हुए एच.वी. शेषाद्रि को पुनः श्रद्धांजलि अर्पित की।

#

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.