दीपावली पर सुरक्षा और पर्यावरण का रखें विशेष ध्यान : जय प्रकाश सिंह
रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क /संवाददाता
**नालासोपारा/**दीपावली खुशियों, उमंग और रोशनी का पर्व है। यह त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। दीपावली का आनंद तभी सार्थक है, जब हम अपनी खुशियों के साथ दूसरों की सुरक्षा और पर्यावरण का भी ध्यान रखें। यह अपील भाजपा नगरसेवक जय प्रकाश सिंह ने क्षेत्र के नागरिकों से की है।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। अधिक आवाज करने वाले पटाखों का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि तेज ध्वनि से बच्चों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और पशु-पक्षियों को परेशानी होती है। पटाखे कभी भी हाथ में लेकर न जलाएं और न ही जलते हुए पटाखों के पास खड़े रहें। पटाखे जलाने के लिए सुरक्षित स्थान का चयन करें तथा बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें।
जय प्रकाश सिंह ने नागरिकों से प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल पटाखों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए हमें ऐसी दीपावली मनानी चाहिए, जिससे पर्यावरण को कम से कम नुकसान पहुंचे।
उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां मनाते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। दीपावली केवल आतिशबाजी का नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और खुशियां बांटने का पर्व है। सभी नागरिक सुरक्षित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लें।