कामता नाथ सिंह
रायबरेली। नगर पंचायत नसीराबाद में श्रीरामलीला कमेटी के कलाकारों द्वारा राम वनवास और श्रीराम-केवट संवाद की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों के आंसू छलका दिए। जानकारी के लिए बता दें कि रामलीला को देखने के लिए हर रात नगर और ग्रामीण क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं। भावुक दृश्यों के बीच-बीच में भगवान श्री राम, सीता मैया और लखन लाल के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
पिता दशरथ की आज्ञा का पालन करते हुए भगवान राम और उनके साथ भाई लक्ष्मण और भार्या सीता के वनवास प्रस्थान के दृश्य पर भावविभोर दर्शकों के आंसू छलक पड़े। गंगातट पर राम-केवट का मार्मिक संवाद और फिर पांव पखारने के दृश्य ने लोगों को सम्मोहित कर दिया।
इसके बाद के दृश्य में भरत जी ननिहाल से वापस आने पर स्थिति से अवगत होते हैं और भावविह्वल होकर मंत्रियों, माताओं और गुरुजनों के साथ श्रीराम को मनाकर पुनः अयोध्या वापस लाने के लिए चित्रकूट की ओर प्रस्थान करते हैं। रामलीला में राजा दशरथ की भूमिका मंसाराम, विश्वामित्र की भूमिका सदाशिव मौर्य, राम की भूमिका मनोज, लक्ष्मण की भूमिका लालता प्रसाद सविता, सीता की भूमिका मोहित निषाद, केवट की भूमिका छेदी विश्वकर्मा उर्फ केतार, कौशल्या की भूमिका मनोज, कैकई की भूमिका अरुण विश्वकर्मा, भरत की भूमिका मुकेश मिश्रा, मंत्री सुमंत की भूमिका बुधलाल ने निभाई।