सूर्यप्रकाश दुबे. /संवाददाता
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे और विधान परिषद सदस्य जीशान सिद्दीकी को मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, उमेश पाटिल को पार्टी का मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। बुधवार को मुंबई स्थित देवगिरी बंगले पर उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने जीशान सिद्दीकी को नियुक्ति पत्र सौंपा। दोनों नियुक्तियों को पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जीशान सिद्दीकी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
जीशान सिद्दीकी महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय युवा नेताओं में शामिल हैं। अगस्त 2024 में कांग्रेस से निष्कासित होने के बाद वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। मई 2026 में एनसीपी ने उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाया। अब मुंबई इकाई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने उन पर एक बार फिर भरोसा जताया है।
जीशान सिद्दीकी वर्ष 2019 में कांग्रेस के टिकट पर बांद्रा पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। वह मुंबई क्षेत्रीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
उनके पिता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने महाराष्ट्र की राजनीति में व्यापक चर्चा पैदा की थी।
उमेश पाटिल बने मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता
पार्टी ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए उमेश पाटिल को मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। वह सोलापुर में एनसीपी के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। नई जिम्मेदारी के तहत पार्टी के पक्ष को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
इन नियुक्तियों के जरिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने मुंबई में संगठनात्मक नेतृत्व को मजबूत करने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की दिशा में कदम बढ़ाया है।