Home /

वसई के माणिकपुर में ‘स्वर दीपोत्सव’ की धूम, सुरों की महफिल में मंत्रमुग्ध हुए रसिक

N

News Desk S K Shukla

Nov 09, 2026 • 73 Views

वसई के माणिकपुर में ‘स्वर दीपोत्सव’ की धूम, सुरों की महफिल में मंत्रमुग्ध हुए रसिक

 

 

वसई: वसई के माणिकपुर में दिवाली की सुबह संगीत और सुरों के नाम रही। वसई-विरार शहर महानगरपालिका की प्रभाग समिति ‘एच’ नवघर की ओर से रविवार को माणिकपुर स्थित वाई.एम.सी.ए. सभागृह में भव्य ‘स्वर दीपोत्सव’ दिवाली पहाट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 5:30 बजे आयोजित इस सांस्कृतिक समारोह में बड़ी संख्या में वसईकरों ने शामिल होकर संगीत का आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों के हाथों दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सुरों की महफिल सजी और एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागृह को संगीतमय बना दिया। सुबह के खुशनुमा और भक्तिमय वातावरण में उपस्थित श्रोताओं ने भावगीतों और भक्तिगीतों का भरपूर आनंद लिया।

इस सांगीतिक महोत्सव में महाराष्ट्र के प्रसिद्ध गायक मंदार आपटे, पार्श्वगायिका निहिरा जोशी, भाग्यश्री देशपांडे और अभिषेक नलावडे ने अपनी शानदार गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की सुरीली प्रस्तुतियों को दर्शकों की भरपूर सराहना मिली।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध अभिनेता विघ्नेश जोशी का प्रभावशाली निवेदन रहा। अपनी खास संवाद शैली और संगीत से जुड़ी यादगार बातों के माध्यम से उन्होंने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी प्रस्तुति ने इस सांस्कृतिक समारोह को और भी यादगार बना दिया।

गायक कलाकारों को वाद्यवृंद के कलाकारों ने शानदार संगत दी। सागर साठे, ओंकार देवस्कर, सूर्यकांत सुर्वे, विजय तांबे, बाबू शेटगे, अभिजित सावंत और अनिल करंजवकर ने अपने वाद्ययंत्रों से संगीत की महफिल को और अधिक मधुर बना दिया।

इस अवसर पर महापौर अजीव पाटील, गजलकारा ज्योती बालिका राव, पूर्व महापौर नारायण मानकर, वसई तालुका कला-क्रीड़ा महोत्सव के सचिव प्रकाश वनमाली, परिवहन सभापति अशोक रणखांब, पूर्व विपक्ष नेता विनायक निकम, स्थायी समिति के पूर्व सभापति संदेश जाधव, माणिकपुर सेंट माइकल चर्च के प्रमुख धर्मगुरु फादर फ्रांसिस रोड्रिग्ज सहित वर्तमान एवं पूर्व नगरसेवक और बड़ी संख्या में संगीतप्रेमी उपस्थित थे।

महापौर अजीव पाटील ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रभाग समिति ‘एच’ नवघर की ओर से आयोजित यह सुरमयी दीपोत्सव वसईकरों के लिए दिवाली का एक विशेष सांस्कृतिक उपहार साबित हुआ है। इस कार्यक्रम ने संगीतप्रेमियों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन संदेश जाधव ने किया। महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. के मार्गदर्शन में मनपा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष मेहनत की।

#

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.