मुंबई, 14 नवंबर: मुंबई में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुंबई क्राइम ब्रांच ने दक्षिण मुंबई के आग्रीपाड़ा इलाके में कार्रवाई करते हुए 31 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश श्रीकांत लांडगे के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि आरोपी के पास अवैध हथियार और कारतूस हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने आग्रीपाड़ा के केके मार्ग के पास जाल बिछाकर कार्रवाई की।
पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य व्यक्ति या आपराधिक गिरोह के संपर्क में तो नहीं था। मामले में आगे की जांच जारी है।