रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क
नालासोपारा। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियों का उजाला लाने का संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब वसई रोड मानिकपुर और लियो क्लब वसई एडन रोज के संयुक्त तत्वावधान में नालासोपारा पूर्व के पेल्हार स्थित पटेल डेयरी फार्म में 'दीवाली विद आदिवासी' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 500 आदिवासी लोगों के बीच खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में चीनी, दाल, गेहूं, चावल, खाद्य तेल, चायपत्ती, नमक, मसाले, मैदा, सेवई, गुड़ और साड़ियों सहित अन्य जरूरी सामान वितरित किए गए। दीपावली के अवसर पर मिली इस सहायता से आदिवासी परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
मोहम्मदी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं लायन हबीब भाई पटेल ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक खुशियां पहुंचाने का भी अवसर है। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। त्योहारों की सार्थकता तभी है, जब हमारी खुशियों में वंचित और जरूरतमंद लोगों की भी भागीदारी हो।
पूर्व नगरसेविका एवं अधिवक्ता अंजली पाटिल ने कहा कि आदिवासी समाज के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली मनाना सराहनीय पहल है। त्योहारों का असली आनंद तभी है, जब हम अपनी खुशियां दूसरों के साथ साझा करें। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।
पूर्व विधायक राजेश पाटिल ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के बीच पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को समझना और मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी है। दीपावली जैसे पर्व पर आदिवासी परिवारों के साथ खुशियां बांटना सकारात्मक सामाजिक पहल है। ऐसे कार्यक्रम सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रोफेसर अब्दुल्ला शेख ने कहा कि शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के साथ सेवा भावना भी समाज के विकास के लिए जरूरी है। समाज की प्रगति तभी संभव है, जब हर वर्ग को साथ लेकर चला जाए। जरूरतमंद आदिवासी परिवारों के बीच खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण सराहनीय कार्य है। ऐसे आयोजन इंसानियत, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम में भवन निर्माता दीपक भानुशाली, शिक्षिका सलमा, नगरसेवक अरशद चौधरी, नगरसेवक पंकज पाटिल, लियो क्लब अध्यक्ष हमजा पटेल, लायन साजिद खान, बहुजन विकास आघाडी के रणधीर कांबले, प्राचार्य चाको संतुर तथा नगरसेविका धर्मेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से दीपावली पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करने और सामाजिक सेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया गया।