रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क / संवाददाता
नालासोपारा। श्रीरामनगर रामलीला मंडल की ओर से रजत जयंती वर्ष के अवसर पर भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 12 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक श्रीरामनगर, विलासपाड़ा, नालासोपारा (पूर्व) में आयोजित होगा।
रामलीला महोत्सव का शुभारंभ 12 नवंबर को होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन लोकनेते एवं विधायक हितेंद्र ठाकुर के हाथों किया जाएगा। आयोजन में व्यास के रूप में मानस साधक कृष्णा चौबे रामकथा की प्रस्तुति देंगे। वहीं मुख्य पुजारी के रूप में बिल्लालेश्वर महादेव मंदिर के पंडित भोलानाथ उपाध्याय धार्मिक अनुष्ठानों का दायित्व संभालेंगे।
मंडल के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा और आदर्शों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान राम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रजत जयंती वर्ष में आयोजित इस रामलीला महोत्सव को लेकर मंडल के सभी सदस्य उत्साहित हैं। हमारा प्रयास है कि क्षेत्र के अधिक से अधिक परिवार इस आयोजन से जुड़ें और बच्चों तथा युवाओं को रामायण के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिले। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की।
आयोजन में उपाध्यक्ष जे.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष रामरतन पाल, अरविंद तिवारी, शुभम सिंह सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सहयोग कर रहे हैं। विशेष सहयोग में नगरसेविका प्रदीपिका अंतिमा अतुल सिंह तथा महिला एवं बालकल्याण समिति के सदस्यों का योगदान रहेगा।
मंडल की ओर से रामलीला देखने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए यूट्यूब चैनल पर कार्यक्रम देखने, लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करने की अपील की गई है। आयोजन में आर्थिक सहयोग के लिए क्यूआर कोड भी जारी किया गया है।